सीहोर। नगर सरकार का पद संभालने के बाद से ही नपाध्यक्ष विकास प्रिंस राठौर शहर हित में सक्रिय हैं। विकास प्रिंस राठौर के नेतृत्व में नगर पालिका परिषद द्वारा शहर में अनेक विकास कार्य कराए जा रहे हैं। नपाध्यक्ष राठौर की अच्छी सोच का नतीजा था कि भोपाल-इंदौर की तर्ज पर शहर में फूड जोन का निर्माण कराया गया था। इसके पीछे उद्देश्य था कि शहर के स्वाद पे्रमियों को एक ही स्थान पर स्वाद का मजा मिल सके, लेकिन नपाध्यक्ष की अच्छी सोच को बुरी नजर लग गई है। फूड जोन को बने एक साल से अधिक समय हो चुका है, लेकिन अब तक इसकी शुरुआत नहीं हो सकी।
शहर के आवासीय खेलकूद संस्थान के समीप भोपाल नाका क्षेत्र में नगर पालिका द्वारा पहला फूड जोन बनाया गया है। इसे बने करीब एक साल से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन यहां पर अभी तक दुकानें आवंटित नहीं की जा सकी हैं। ऐसे में पर्याप्त देख रेख के आभाव में फूड जोन बदहाल स्थिति में पहुंच चुका है और धूल खा रहा है। फर्श उखड़ रहा है तो वहीं कई टाईल्स भी टूट चुकी हैं।
अनदेखी से शराबियों का बना अड्डा
लंबे समय बीतने के बाद भी दुकान आवंटन प्रक्रिया न होने के चलते अब फूड जोन का फर्श टूटने लगा है तो यहां गंदगी का अंबार लगा है। यहां पर गेट और बाउण्ड्री नहीं होने के कारण शराबियों और असमाजिक तत्वों ने इसे अपना अड्डा बना है। रात के समय असमाजिक लोग यहां शराबखोरी करते हैं और शराब की बोतलों को यही फोडक़र चलते बनते हैं।