सीहोर जिपं. सदस्यों को किसानों के दर्द से कोई लेना-देना नहीं!

सीहोर। राजनीतिक लिहाज से जिला पंचायत सदस्य सियासत के महत्वपूर्ण अंग हैं। जिला पंचायत सदस्य चुनाव जीतने के लिए जनप्रतिनिधि एड़ी चोंटी का जोर लगा देते हैं। गांवों में घर-घर देकर मतदाताओं के हाथ-पैर जोडक़र वोट देने की अपील करते हैं। यह सदस्य एकजुट होकर जिला पंचायत अध्यक्ष भी तय करते हैं, लेकिन चुनाव खत्म होने के बाद यह जिला पंचायत सदस्य कहां गुम हो जाते हैं पता ही नहीं ही चलता। 

जिला पंचायत सदस्यों की शिथिलता का उदाहरण सीहोर जिले में आसानी से देखने को मिल रहा है। इन दिनों खेतों में किसानों की फसल पककर तैयार है। किसान दिन रात पहरेदारी कर फसलों की निगरानी कर रहे हैं, बावजूद कहीं-कहीं आगजनी की घटनाएं घटित हो रही है, जो किसानों के अरमानों पर पानी फेर रही है। जिले में बीते दिनों खेतों में आगजनी की घटनाएं घटित हुई, इसमें सबसे बड़ा नुकसान सीहोर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पाटन में देखने को मिला, जहां करीब 10 किसानों की फसल आग की भेंट चढ़ गई। 

किसानों का दर्द बांटने पहुंचे जनप्रतिनिधि

ग्राम पाटन में घटित हुई आगजनी की घटना के बाद जनप्रतिनिधि इन किसानों के बीच पहुंचे और उनका दर्द भी बांटा। ग्राम पाटन में घटित हुई आगजनी की घटना में सबसे पहले विधायक सुदेश राय पहुंचे, फिर मोहन यादव सरकार के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा, उनके साथ वरिष्ठ भाजपा नेता गौरव सन्नी महाजन। इसके अगले दिन वरिष्ठ भाजपा नेता जसपाल सिंह अरोरा, जबकि एक दिन पहले कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती ने पीडि़त किसानों के बीच पहुंचकर उनका दुख बाटा। इसी तरह एक दिन पहले ग्राम बिलकिसगंज में हुई आगजनी की घटना में कांग्रेस नेता ब्रजेश पटेल ने पहुंचकर किसानों से मुलाकात की। 

जिले में शिथिल हैं जिपं. सदस्य

अंचल में घट रही इन घटनाओं के बाद भी जिले के सभी 17 जिला पंचायत सदस्य शिथिल हैं। चुनाव जीतने के बाद से इन जिला पंचायत सदस्यों का अता-पता नहीं है। जिला पंचायत सदस्यों की इस शिथिलता को लेकर चर्चा भी हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि जिला पंचायत सदस्य वोट मांगने तो आ जाते हैं, लेकिन मुसीबत में किसानों साथ खड़े नजर नहीं आ रहे।

सीहोर जिला पंचायत सदस्य 

सीहोर जिले के वार्ड क्रमांक 01. से शशांक सक्सेना जिला पंचायत सदस्य हैं, जबकि वार्ड 02. से राजू राजपूत, 03. से रुखसार अनस, 04. से बनारस पटेल, 05. से रचना सुरेंद्र सिंह मेवाड़ा (जिपं. अध्यक्ष), 06. जीवन सिंह मंडलोई, 07. अवंतिका फारेला, 08. महेंद्र सिंह, 09. कमलसिंह चौहान, 10. संगीता लखन, 11. डॉ. सुरेश वर्मा, 12. रेवबाई लक्ष्मणसिंह, 13. कमलेश यादव, 14. नमिता चौहान, 15. विजेंद्र उईके, 16. जलज यदुराज चौहान और वार्ड क्रमांक 17 से उमा ओम पटेल जिला पंचायत सदस्य हैं। 



एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने