सीहोर। हमें लक्ष्य निर्धारित करने, सफलता प्राप्त करने और चुनौतियों से सामना करके आगे बढऩे के लिए प्ररित और पारंगत करती है। आत्मविश्वास विकसित करने में भी शिक्षा का विशेष योगदान है।
यह बाद जिला मुख्यालय स्थित सीएम राइज स्कूल में स्कूल चले हम अभियान के शुभारंभ अवसर को संबोधित करते हुए कलेक्टर बालागुरू के. ने कही। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही व्यक्ति को साहसी, सशक्त और आर्थिक रूप से समृद्ध बनाती है। शिक्षित व्यक्ति सदैव सम्मान पाता है, शिक्षा की शक्ति के आगे सब कमजोर हैं। विद्या एक ऐसा धन है जिसे कोई छीन नही सकता है और ज्ञान ही है जो बांटने से तेजी से बढ़ता है।
कलेक्टर बालागुरू ने अपने स्कूली समय के अनुभव को साझा करते हुए विद्यार्थियों से कहा कि लक्ष्य निर्धारित कर दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ सही दिशा में कठिन परिश्रम करें तो प्रतिकूल परिस्थितियां भी आगे बढऩे से नहीं रोक सकतीं। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश सरकार हर वर्ग के लिए शिक्षा के अवसर और संसाधन उपलब्ध करा रही है। अब विद्यार्थियों को केवल परिश्रम करना है। उन्होंने कहा कि माता-पिता के बाद गुरु का सर्वोच्च स्थान है। शिक्षक ही विद्यार्थियों के भविष्य का निर्माण करते हैं। उन्होंने शिक्षकों से समर्पित भाव से पढ़ाने के लिए कहा।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर तथा भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राष्ट्र की उन्नति तभी हो सकती है, जब उसके नागरिक शिक्षित और संस्कारवान हों। राष्ट्र निर्माण के लिए शिक्षित और संस्कारवान बनाने में शिक्षा का सबसे महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को विद्यालयों में बच्चों को नैतिक शिक्षा का पाठ जरुर पढ़ाना चाहिए।
कार्यक्रम में कलेक्टर बालागुरू के., बीजेपी जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, नपाध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर, जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्र सिंह तोमर तथा डीपीसी रमेश राम उइके, प्राचार्य दीप सिंह राठौर सहित अनेक शिक्षकों ने विद्यार्थियों को तिलक लगाकर फूलमाला पहनाकर तथा गणवेश एवं पुस्तकें प्रदान कर इस अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर पर्षद दिलीप राठौर, सुदीप प्रजापति भी उपस्थित थे।