सीहोर। 15 दिन पहले कश्मीर की पहलगाम घाटी में हुए आतंकी हमले में दो दर्जन से अधिक निर्दोष लोगों की मौत हुई थी। इस दौरान विवाहिताओं के सामने ही उनका सुहाग छीना गया था। इधर 15 दिन भारत की सेना ने भी सिंदूर का बदला सिंदूर से ले लिया है। बीती रात करीब 1 बजे से 1.30 बजे तक सेना ने ऑपरेशन सिंदूर चलाया और इस दौरान पाकिस्तान में मौजूद आतंकियों के ठिकानों को सेना ने तहस नहस कर दिया। इस घटना के बाद से देश भर में खुशी का माहौल है। सीहोर में भी लोगों द्वारा खुशी का इजहार किया जा रहा है। इस बदले को लेकर शहर के जनप्रतिनिधि विधायक सुदेश राय, पूर्व विधायक रमेश सक्सेना और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जसपाल सिंह अरोरा ने प्रतिक्रिया देते हुए खुशी जताई है।
यह मोदी का नया भारत है, घुसकर मारता है
आतंकी हमले के बदले को लेकर विधायक सुदेश राय ने कहा कि यह मोदी का नया भारत है। यह घर में घुसकर मारता है। अब देश में इस तरह की नापाक हरकतों को करने से पहले दुश्मनों को दस बार सोचना होगा। विधायक राय ने कहा कि यह तो महज ट्रेलर है, अब यदि हरकत हुई तो भारत की सेना पूरी पिक्चर ही दिखा देगी। भारत की सेना पर गर्व है।
सेना के पराक्रम को नमन
पूर्व विधायक रमेश सक्सेना ने कहा कि सेना के शौर्य पर गर्व है। भारत की सेना दुश्मनों को उन्हीं की भाषा में जवाब देती है। अब से 15 दिन पहले पहलगाम में हुए आतकी हमले के बाद सेना ने धैर्य और शांत रहकर जवाब दिया है। आज पूरे देश में खुशी का माहौल है। जय श्री राम।
आंखों उठाने वालों को मिलेगा जवाब
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जसपाल सिंह अरोरा ने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का भारत है। आंख उठाने वालों को उसी की भाषा में जवाब दिया जाता है। पहलगाम आतंकी हमले में मृत लोगों को सच्ची श्रद्धांजलि हैं। आज पूरा देश खुश है। सेना के शौर्य व पराक्रम ने देश को खुश होने का मौका दिया है, वन्दे मातरम्।