सीहोर। करोली माता मंदिर से सोयलों तक बनने वाली सडक़ के निर्माण की शुरुआत हो गई है। बता दें यह गंजवासियों के लिए अति महत्वपूर्ण सडक़ है। इस सडक़ का पहली बार निर्माण हो रहा है। बीते दिनों सांसद आलोक शर्मा के नेतृत्व में सडक़ निर्माण का भूमिपूजन हुआ था, तभी से गंजवासियों में उत्सुकता थी कि सडक़ का निर्माण कब शुरू होगा। लक्ष्य टुडे ने भी खबर प्रकाशित कर नगर पालिका प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया था। लक्ष्य टुडे की खबर के बाद अब करोली माता मंदिर से सायलों तक सडक़ के निर्माण की शुरुआत हो गई है।
बता दें 1 करोड़ 47 लाख रुपए की लागत से बनने वाली सडक़ निर्माण का भूमिपूजन समारोह पूर्व आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में शामिल हुए सांसद शर्मा ने कहा था कि नगर और नागरिकों के विकास के लिए पूरी क्षमता, समर्पण और सेवा भावना से काम करें। शहर विकास के मामले में अव्वल रहें, इसके लिए नगर विकास के रोडमेप पर लगातार कार्य किया जा रहा है। हमारी प्रदेश और केन्द्र में डबल इंजन की सरकार है। नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा था कि हमारे द्वारा बहुत ही कम समय में करीब 150 करोड़ के विकास कार्य किए है, वहीं करीब 200 करोड़ रुपए के विकास कार्य होने वाले है। हमारे द्वारा नगर की बुनियादी समस्याओं में बिजली, पानी और सडक के साथ-साथ करीब 20 से अधिक मंदिरों का निर्माण पार्षदों के अलावा अन्य लोगों के सहयोग से किया गया है।