सीहोर। हाल ही में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जिला मुख्यालय के दौरे पर आए थे। इस दौरान सीएम ने नपा के 51 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया तो संबोधन के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर ने शहर की जरुरतों के मुताबिक कुछ अन्य मांगे भी रखी, जिसमें शहर की महती जरुरत गीता भवन भी शामिल रहा।
कार्यक्रम के संबोधन के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से कहा कि आप प्रदेश के सभी जिलों में गीता भवन की सौगात दे रहे हैं, हमारे सीहोर शहर में भी गीता भवन की खासी जरुरत है। शहर के बीचों बीच पुराने जेल की जगह पड़ी है, यदि यह जगह नगर पालिका को मिल जाए तो यहां भव्य गीता भवन का निर्माण हो सके। नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर शहर हित में गई इस महती मांग को देखते हुए सीएम डॉ. मोहन यादव ने भी सहज स्वीकृति दे दी है। अब नगर पालिका पुराने जेल की जगह पर भव्य गीता भवन का निर्माण कराएगी।