_ नौतपा के बाद मानसूनी सीजन में सूरज ने दिखाए तीखे तेवर, सड़कों पर पसरा रहा सन्नाटा
_ अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस पहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि अब से तीन से चार दिन बाद हो सकती है बारिश। बीस जून तक आएगा मानसून।
प्री_मानसून की बारिश पर ब्रेक लग गया है। वहीं मानसून भी अटक कर रह गया है। जिससे जिले में बीते दो दिनों भीषण गर्मी का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार सीहोर जिले में मंगलवार को अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहा। भीषण गर्मी के चलते शहर की सड़कों पर दोपहर में सन्नाटा पसरा रहा। वहीं उमस के कारण भी लोगों का हाल बेहाल रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि अब से तीन से चार दिन बाद बारिश का सिलसिला शुरू होगा और लोगों को राहत मिलेगी।
नौतपा के बाद सूरज के तेवर तीखे हो रहे हैं। पिछले 2 दिन से जिले में पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया है। अगले 4 दिन यानी, 12 जून तक आंधी, बारिश और गरज-चमक के साथ गर्मी वाला मौसम भी रहने की संभावना है। मंगलवार को सुबह से ही तेज धूप लोगों को परेशान कर रही थी। दोपहर में झुलसा देने वाली गर्मी और रात में उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल हैं। मानसून की दस्तक से पहले नौतपा जैसी तीव्र गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। आरएके कॉलेज के मौसम वैज्ञानिक डॉ एसएस तोमर ने बताया कि पिछले 10 दिनों से मानसून महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ में रुका हुआ है, जिससे प्रदेश में इसकी आमद में देरी हो रही है। 10 जून के बाद मानसून के आगे बढ़ने की संभावना है और 20 जून तक सीहोर पहुंच सकता है।