सीहोर के मुंडला गांव में विद्युत वितरण कंपनी का एक आउटसोर्स कर्मचारी बिजली के खंबे पर काम करते समय घायल हो गया। हादसा तब हुआ जब कर्मचारी के काम करते समय अचानक बिजली सप्लाई चालू कर दी गई। स्थानीय लोगों ने जब कर्मचारी को खंबे पर छटपटाते देखा, तो उन्होंने लकड़ी की बल्ली का इस्तेमाल कर उसे नीचे उतारना चाहा, इस दौरान वह ऊंचाई से गिर भी गया। कर्मचारी के गिरने का वीडियो भी सामने आया है। घायल कर्मचारी को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है। जांच में सामने आया कि कर्मचारी को बिना सक्षम अधिकारी की मौजूदगी में काम करने भेजा गया था। उसे सुरक्षा उपकरण भी नहीं दिए गए थे। यह घटना नापलाखेड़ी डीसी क्षेत्र के अंतर्गत हुई। विद्युत वितरण कंपनी के अधीक्षण यंत्री सुधीर शर्मा ने कहा कि उन्होंने मामले की रिपोर्ट मांगी है। घायल कर्मचारी की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। मंडी थाना प्रभारी माया सिंह के अनुसार विद्युत वितरण कंपनी ने पुलिस को इस घटना की कोई सूचना नहीं दी है।