सीहोर। भगवान भोलेनाथ हमारे आराध्य देव हैं। वह शोपीस की चीज नहीं है। देवाधीदेव महादेव हमारे भगवान है, यदि प्रतिमा की हालत खराब है तो इन्हें नदी-तालाब में विसर्जित कर देना चाहिए। यहां से इस जर्जर प्रतिमा को हटा देना चाहिए, जब भी यहां से गुजरते हैं और भगवान भोलेनाथ की प्रतिमा को इस हालत में देखते हैं तो मन बहुत दुखी होता है।
जी हां... यह हर उस सनातनी की पीड़ा है, जो शहर से निकले इंदौर-भोपाल हाईवे पर सफर करता है। दरअसल, सैकड़ाखेड़ी से निकले इंदौर भोपाल हाईवे पर लसुडिय़ा गांव के आगे और फंदा टोल नाके से पहले हाईवे किनारे भगवान भोलेनाथ की विशालकाय प्रतिमा रखी है। यह प्रतिमा पूरी तरह से जीर्ण शीर्ण हालत में हो गई है। प्रतिमा का रंग पूरी तरह से उड़ गया है तो कुछ जगह से प्रतिमा खंडित भी हो गई है। इस प्रतिमा को देखकर लोगों को पीड़ा होती है।
सनातनी बोले, दुखी होता है मन
लक्ष्य टूडे की टीम मंगलवार को इंदौर भोपाल हाईवे से गुजरी तो देखा कि भगवान भोलेनाथ की विशालकाय प्रतिमा हाईवे किनारे रखी है। इस प्रतिमा का रंग पूरी तरह से उड़ गया है। प्रतिमा के पास ही एक परिवार रुका हुआ था। परिवार के सदस्यों का कहना था कि यह प्रतिमा यहां से हटा देना चाहिए, जब भी इस मार्ग से गुजरते हैं तो प्रतिमा पर नजर पड़ती है। भगवान भोलेनाथ की प्रतिमा को इस हालत में देखकर मन बहुत दुखी होता है। भगवान शंकर हमारे भोलेनाथ हैं, वह किसी शो पीस की चीज नहीं। लक्ष्य टूडे के माध्यम से यही अपील है कि कृपया यहां से यह प्रतिमा हटाकर नदी-तालाब में विसर्जित कर दी जाए।