संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों की हड़ताल खत्म, डिप्टी सीएम ने दिया आश्वासन


सीहोर।
अपनी विभिन्न मांगों को लेकर स्वास्थ्य कर्मचारियों द्वारा बीते 8 दिनों से हड़ताल की जा रही है। शहर के टाउन हाल के सामने स्वास्थ्य कर्मचारी हड़ताल पर बैठे हुए थे। हड़ताल के सातवें दिन स्वास्थ्य कर्मचारियों ने थाली बजाने के साथ ही भूख हड़ताल की शुरुआत भी की  थी। पहले दिन दो महिला कर्मचारी भूख हड़ताल पर थीं। हालांकि आज आठवें दिन स्वास्थ्य संविदा कर्मचारियों की हड़ताल खत्म हो गई है। डिप्टी सीएम राजेन्द्र शुक्ल के आश्वासन के बाद राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ की हड़ताल समाप्त हुई है। 

उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल की अध्यक्षता में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों के साथ हुई चर्चा के बाद उप मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद सोमवार को अनिश्चितकालीन हड़ताल समाप्त कर दी गयी है। स्वास्थ्य संघ के पदाधिकारियों ने हड़ताल की समाप्ति के संबंध में उप मुख्यमंत्री को पत्र भी सौंपा। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 22 अप्रैल से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर थे। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने अप्रेजल, स्वास्थ्य बीमा, ईपीएफ, समकक्षता निर्धारण, ग्रेज्युटी, अर्जित एवं मेडिकल अवकाश तथा अन्य मांगों पर यथोचित कार्यवाही करने का आश्वासन दिया। संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ मध्यप्रदेश द्वारा उप मुख्यमंत्री शुक्ल के आश्वासन पर सहर्ष हड़ताल वापस लेने का निर्णय लिया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संचालक डॉ. सलोनी सिडाना, प्रदेश महामंत्री भारतीय मजदूर संघ कुलदीप सिंह गुर्जर सहित संघ के अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने