सीहोर। भारत-पाकिस्तान जंग के बीच मध्यप्रदेश सरकार भी अलर्ट मोड पर है। हालातों को देखते हुए मध्यप्रदेश सरकार ने प्रदेश के 13 विभागों में छुट्टियां रद्द की गई हैं। मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश में बताया कि वर्तमान की अप्रत्याशित परिस्थितियों को देखते हुए प्रदेश के लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग, गृह विभाग, ऊर्जा विभाग, नगरीय विकास एवं आवास विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, लोक निर्माण विभाग, राजस्व विभाग, सामान्य प्रशासन विभाग, जल संसाधन विभाग, नर्मदा घाटी विकास विभाग एवं परिवहन विभाग में शासकीय सेवकों के सभी प्रकार के आगामी अवकाश तत्काल प्रभाव से अन्य आदेश तक प्रतिबंधित किए जाते हैं।
यह भी निर्देशित किया जाता है कि सभी शासकीय सेवक अपने मुख्यालय पर अनिवार्यता उपस्थित रहेंगे। विशेष परिस्थितियों में स्वयं अथवा स्वयं के परिवार में विवाह, प्रसूति एवं संतान पालन, गंभीर बीमारी, दुर्घटना, स्वयं के परिवार में घटित अप्रत्याशित घटना आदि के संबंध में जिला स्तर पर कलेक्टर द्वारा अवकाश स्वीकृति/अनुमति प्रदान की जा सकेगी।