कृषि वैज्ञानिक एवं अधिकारी गांव-गांव भ्रमण कर दे रहे हैं किसानों को जानकारी
विधायक श्री गोपाल सिंह इंजिनियर ने किसानों को उन्नत खेती के लिए किया प्रोत्साहित
सीहोर। भारत सरकार के निर्देशानुसार जिले में 29 मई से 12 जून तक किसानों के कल्याण को कृषि को उन्नत बनाने के लिए विकसित कृषि संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत जिले में तीन दलों का गठन किया गया है। प्रत्येक दल में कृषि वैज्ञानिक, कृषि विभाग, पशुपालन एवं डेयरी विभाग, मत्स्य विभाग, उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों को सम्मिलित किया गया है। अभियान के अंतर्गत गठित दलों द्वारा प्रतिदिन जिले के तीन विकासखण्ड की नौ पंचायतों में भ्रमण कर कृषकों को कृषि, पशुपालन, मत्स्य एवं उद्यानिकी विभाग की नवीन योजनाओं, कृषि यंत्रीकरण, खरीफ मौसम की तैयारी बीजोपचार, पशुपालन एवं उद्यानिकी फसलों के सम्बंध में तकनीकी मार्गदर्शन एवं उन्नत कृषि तकनीकी की जानकारी प्रदान की जा रही है।
किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के उप संचालक श्री केके पांडे ने बताया कि अभियान के तहत सीहोर विकासखंड की ग्राम पंचायत बिजोरी, महोड़िया, तथा मोगराराम में अधिकारियों के दलों द्वारा भ्रमण किया गया। इसी प्रकार आष्टा विकासखंड की ग्राम पंचायत झिलेला, कुर्ली कलॉ तथा लाखिया तथा बुधनी विकासखण्ड महागांव, मर्दानपुर एवं आवंलीघांट, बांया, माथनी एवं जहांजपुरा में वैज्ञानिक एवं अधिकारियों के दलों द्वारा भ्रमण किया गया। विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत आष्टा की ग्राम पंचायतों में आयोजित कार्यक्रम में आष्टा विधायक श्री गोपाल सिंह इंजिनियर ने किसानों को विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने तथा तकनीकी अपनाकर उन्नत खेती के लिए प्रोत्साहित किया।
विभाग द्वारा 04 जून को सीहोर विकासखंड की ग्राम पंचायत बरखेड़ी, वमूलिया तथा धामनखेड़ा, आष्टा विकासखंड की भंवरी कलॉ, करमनखेडी तथा फूडरा, बुधनी विकासखंड की खेरी, सलकनपुर तथा बोरी में कृषि वैज्ञानिकों एवं अधिकारियों के दल द्वारा भ्रमण किया जायेगा। सभी किसानों से अपील की गई है कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कृषि वैज्ञानिकों एवं अधिकारियों द्वारा प्रदान किये जा रहे तकनीकी मार्गदर्शन एवं उन्नत किस्मों की जानकारी प्राप्त करें।