बेकार आदमी कुछ किया कर, कपड़े उधेडक़र सिया कर...


सीहोर।
बेकार आदमी कुछ किया कर, कपड़े उधेडक़र सिया कर... यह कहावत जिले के वन विभाग पर सटीक बैठ रही है। जिले के वन कर्मचारियों ने भी कुछ ऐसा कर दिखाया, जिसकी परिकल्पना मुश्किल लगती है। दरअसल, वन विभाग के कर्मचारियों ने जिन में कितने गिद्ध है इसकी गणना कर ली है। वन विभाग का दावा है कि इस गणना के दौरान जिले में 519 गिद्ध मिले हैं। वन विभाग के अनुसार बीते साल जिले में गिद्धों की संख्या 227 थी, जो बढक़र दोगुनी यानि 519 हो गई है। 

वन विभाग द्वारा तीन दिनों तक गिद्धों की गणना का कार्य कराया गया, जिसके बड़े ही सार्थक आंकडे सामने आए हैं। जिले में 519 गिद्ध मिले हैं, जिसमें से 422 व्यस्क हैं जबकि 97 अव्यस्क गिद्ध हैं। जिले में बुधनी, सीहोर, रेहटी और वीरपुर वन रेंज में अधिक गिद्ध पाए जाते हैं। वन विभाग सीहोर द्वारा 125 जंगल बीटों में गणना कराई थी, जिसमें से 8 वन बीट में गिद्ध पाए गए हैं। गणना कार्य सुबह 7 से 9 बजे तक किया जाता था। वन मंडल सीहोर के डीएफओ एमएस डाबर ने बताया कि सीहोर वन क्षेत्र में सफेद प्रजाति के गिद्ध पाए जाते हैं। सुबह मैदानों में गिद्ध धूप सैकने आते हैं। इसी दौरान गणना की जाती है। जहां वनकर्मी कैमरों में वीडियोग्राफी करते हैं बाद में इनकी गणना कर ली जाती है। गिद्ध पहाडियों और ऊंचाई वाले स्थान पर मिलते हैं। ऐसे जिलेभर में 8 स्पाट चिन्हित किए गए हैं। वन विभाग द्वारा की गई गिद्धों की गणना ने जिलेवासियों के मन में अनेक सवाल छोड़ दिए। नागरिकों का कहना है कि यह कैसे सिद्ध होगा कि जिले में देखा गया गिद्ध सीहोर जिले का ही हो, वह गिद्ध नजदीकी जिले से भी तो आ सकता है।  

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने