सीहोर। सिद्धांतों के अनुरूप चलने वाली भारतीय जनता पार्टी में जिले में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। अंदरूनी रूप से खींचतान जारी है। यह बात हम नहीं, बल्कि राजनीति की जानकारी रखने वाले सीहोर मंडल की कार्यकारिणी में हो रहे विलंब को देखते हुए कह रहे हैं। जिले में 24 में से 23 मंडलों की कार्यकारिणी की घोषणा हो चुकी है, जबकि सीहोर मंडल की कार्यकारिणी पर असहमति की छाया बरकरार है।
गौरतलब है कि करीब 6 महीने पहले जिले में मंडल अध्यक्षों की घोषणा की गई थी, जिसमें दो मंडलों का इजाफा किया गया था। इस तरह जिले में मंडलों की संख्या 24 पहुंच गई थी। इस गठन के तीन महीने बाद सीहोर नगर मंडल को छोडक़र, एक-एक कर सभी 23 मंडलों की कार्यकारिणी का गठन हो चुका है।
सुदीप पर दोबारा जताया विश्वास
मंडल अध्यक्षों में सीहोर मंडल के लिए सुदीप प्रजापति पर दोबारा विश्वास जताया गया था। यह उनका दूसरा कार्यकाल है। वह सीहोर विधायक सुदेश राय के खास माने जाते हैं। मंडल अध्यक्ष प्रजापति के अनुसार दो महीने उनके द्वारा कार्यकारिणी की सूची बनाकर जिलाध्यक्ष जी को सौंप दी गई है। नगर मंडल अध्यक्ष सुदीप प्रजापति द्वारा बीते दिनों राजधानी भोपाल पहुंचकर संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा से भी मुलाकात की है। इस मुलाकात के फोटो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहे हैं।
महामंत्री पद पर फंसा पेंच
सीहोर नगर मंडल की कार्यकारिणी में हो रहे विलंब के पीछे महत्वपूर्ण महामंत्री पद बताया जा रहा है।