सीहोर। राजनीति में खींचातानी होती है, यह आम बात है। लेकिन सर्वविदित सौगातों पर भी यदि अतिक्रमण किया जाए तो लोग फिर चर्चा करते हैं। जैसा कि इन दिनों सीहोर विधानसभा क्षेत्र में हो रहा है। दरअसल, सीहोर विधानसभा में शहर सहित अंचल में एक दर्जन से अधिक यात्री प्रतीक्षालय बने हैं, यह यात्री प्रतीक्षालय पूर्व सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर की देन थे, लेकिन यात्री प्रतीक्षालयों पर इन दिनों अतिक्रमण नजर आ रहा है। यह अतिक्रमण भोपाल नाका पर बने प्रतीक्षालय पर स्पष्ट नजर आ रहा है।
बता दें साल 2019 से 2024 तक प्रज्ञा सिंह ठाकुर भोपाल संसदीय सीट से सांसद रहीं है। तत्कालीन सांसद साध्वी ठाकुर ने अपने कार्यकाल में शहर सहित अंचल में एक दर्जन से अधिक ऐसे प्रतीक्षालय बनवाए थे, जिनसे गर्मी में चिलचिलाती धूप और बरसात में मूसलाधार बारिश से यात्रियों को बड़ी राहत मिली थी। इन प्रतीक्षालयों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और तत्कालीन सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर की तस्वीरें लगी हुई थीं, जो उनके कार्यकाल की पहचान थीं। लेकिन 2023 के विधानसभा चुनाव के दौरान आचार संहिता लागू होते ही प्रशासन ने इन तस्वीरों को मिटा दिया था। इधर 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने प्रज्ञा सिंह ठाकुर के स्थान पर आलोक शर्मा को भोपाल संसदीय सीट से टिकट दिया और वे विजयी हुए और वह वर्तमान में सांसद हैं।
प्रतीक्षालयों पर लगी तस्वीरों पर सियासत
शहर सहित अंचल में लगे यात्री प्रतीक्षालयों पर लगी तस्वीरों को लेकर राजनीति शुरू हो गई है। दरअसल, इन यात्री प्रतीक्षालयों पर अब पूर्व सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर की तस्वीरों की जगह वर्तमान सांसद आलोक शर्मा की तस्वीरें लगाई जा रही हैं। यह देखकर स्थानीय लोग सवाल उठा रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि यह एक गलत परंपरा है और पूर्व सांसद की ओर से दी गई सौगात पर इस तरह अतिक्रमण नहीं करना चाहिए।
आमजनों को मिला था फायदा
रिटायर्ड शिक्षक रमेश वर्मा ने बताया कि ये प्रतीक्षालय प्रज्ञा ठाकुर जी ने बनवाए थे, लोगों को उनसे फायदा मिला। अब नए सांसद की तस्वीर लगाना ऐसा लगता है जैसे किसी और की मेहनत पर अपना नाम लिखवाया जा रहा हो। वर्तमान सांसद आलोक शर्मा जी को भी सीहोर विधानसभा में अच्छी सौगात देना चाहिए, जिससे यहां की जनता उनके कार्यकाल को याद रखें।