सीहोर। भारतीय जनता पार्टी के सीहोर नगर मंडल में इन दिनों अजीबोगरीब सियासी हलचल देखने को मिल रही है। जहां एक ओर महीनों से अटकी नगर मंडल की कार्यकारिणी के गठन का मुद्दा उलझा हुआ है, वहीं दूसरी ओर पार्टी ने अब नगर में एक और नए मंडल के गठन की तैयारी शुरू कर दी है। इस दोहरी हलचल ने नगर की राजनीति में चर्चाओं का एक नया दौर छेड़ दिया है।
इधर नगर मंडल अध्यक्ष सुदीप प्रजापति ने अपनी कार्यकारिणी के नामों की सूची बनाकर काफी पहले ही भाजपा जिलाध्यक्ष को भेज दी थी, लेकिन अभी तक इस पर कोई फैसला नहीं हो पाया है और कार्यकारिणी गठन की फाइल धूल फांक रही है।
92 बूथ बने नए मंडल की वजह
पार्टी के संगठनात्मक नियमों के अनुसार किसी भी क्षेत्र में 90 बूथ से ज्यादा होने पर वहां दो मंडल होना जरुरी होता है। सीहोर नगर में इस समय 92 बूथ हैं, यही वजह है कि संगठन ने अब यहां एक और मंडल बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि नगर मंडल को अब पुराने शहर मंडी-कस्बा क्षेत्र और नए शहर में बांटा जाएगा।
नए अध्यक्ष के लिए भेजी तीन नाम की पैनल
नए मंडल के गठन के साथ ही नए अध्यक्ष की तलाश भी शुरू हो गई है। फिलहाल सुदीप प्रजापति पहले से ही नगर मंडल अध्यक्ष हैं। बताया जा रहा है कि भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा द्वारा दूसरे मंडल अध्यक्ष के लिए तीन नामों की पैनल बनाकर भोपाल संगठन को सूची भेज दी गई है, जल्द ही दूसरे मंडल अध्यक्ष के नाम का ऐलान हो जाएगा। इधर कयास लगाए जा रहे हैं दूसरे मंडल का अध्यक्ष मेष राशि नाम वाला हो सकता है।