सीहोर। शहर क्षेत्र के सर्वांगीण विकास का बजट बनाया गया है, इसमें नागरिकों की हर सुविधा का ध्यान रखा गया है। करीब 311 करोड़ से अधिक के बजट में सबसे ज्यादा 52 करोड़ अमृत योजना मिशन 2.0 के तहत खर्च होंगे।
उक्त विचार शहर के नगर पालिका के सभाकक्ष में प्रस्तावित बजट वित्तीय वर्ष 2025-26 का सर्व सम्मिति से बजे पेश करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहे। केन्द्र और प्रदेश में भाजपा की डबल इंजन की सरकार के आशीर्वाद से शहर को महानगर की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने कहा कि भूजल स्तर गिरता जा रहा है, इसके लिए अब भवन निर्माण में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने की शर्त अनिवार्य करने के अलावा एक राष्ट्र एक चुनाव का प्रस्ताव भी पारित किया गया है। वाटर हार्वेस्टिंग का सिस्टम प्रदेश और देश के लिए भी जरूरी है।
बजट बैठक के दौरान सभापति अजय पाल राजपूत ने बजट पेश किया। इस मौके पर नगर पालिका सीएमओ भूपेन्द्र दीक्षित ने कहा कि शुक्रवार की सुबह नगर पालिका के सभाकक्ष में परिषद का विशेष सम्मेलन आयोजित किया गया था, जिसमें वित्तीय वर्ष 2025.26 के बजट पर चर्चा आदि की गई। बैठक के दौरान सभी पार्षदों ने शहर के इस बजट को सर्व सम्मिति से हर्ष व्यक्त करते हुए पूरे हर्ष के साथ अपना समर्थन किया।
एक राष्ट्र एक चुनाव की अवधारणा
नपाध्यक्ष विकास प्रिंस राठौर ने बैठक में एक राष्ट्र एक चुनाव की अवधारणा पर विचार विमर्श करने के लिए पार्षदों को आमंत्रित किया। वहीं पार्षदों ने एक राष्ट्र एक चुनाव पर एकमत होने की बात कही। पार्षदों ने कहा कि एक राष्ट्र एक चुनाव से राजनीतिक स्थिरता रहेगी जिससे राष्ट्र निर्माण के लिए दीर्घकालीन योजना को बनाने के लिए नीति, निर्धारण में अनावश्यक विलंब नहीं होगा। मतदाताओं में भी जागरूकता व उत्साह बढ़ेगा। निश्चित रूप से लोकतंत्र को सशक्त किया जा सकेगा।
रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम जरुरी
नगर पालिका रेन वॉटर हार्वेस्टिंग लगाने की शर्त पूरी करने के लिए भवन निर्माताओं से आठ हजार रुपए अग्रिम जमा कराती है। इसके बाद उन्हें निर्माण के लिए एनओसी दी जाती है। सिस्टम लगाने के प्रमाण देने के बाद यह राशि वापस कर दी जाती है, लेकिन अब करीब 25 हजार रुपए जमा कराए जाऐंगे और एक टीम का गठन कर निर्माणाधीन मकानों का निरीक्षण भी किया जाएगा। जिन मकानों में सिस्टम नहीं लगा है उस पर कार्रवाई करने की बात भी कही गई है।