सीहोर। देश की राजनीति में किरार समाज का लगातार कद बढ़ता जा रहा है। देश में किरार समाज में सबसे बड़े नेता के रूप में शिवराज सिंह चौहान जाने जाते हैं। शिवराज सिंह चौहान 6 बार विधायक व 6 बार सांसद बने, जबकि चार बार प्रदेश के सीएम भी रहे। वर्तमान में भी शिवराज सिंह चौहान भारत सरकार में कृषि मंत्री हैं। अब बात उनकी पत्नी साधना सिंह चौहान करें तो श्रीमति चौहान वर्तमान में किरार समाज की राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। इधर कांग्रेस भी किरार समाज के जनप्रतिनिधियों को लगातार बढ़ावा देती जा रही है। पूर्व शिक्षा मंत्री राजकुमार पटेल की भाभी विभा पटेल राजधानी भोपाल की महापौर रह चुकी हैं, जबकि वह वर्तमान में वह महिला महिला कांग्रेस की अध्यक्ष हैं। अब इसी कड़ी में बुदनी विधानसभा क्षेत्र से ही जनप्रतिनिधि धर्मेन्द्र सिंह चौहान को कांग्रेस ने महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपते हुए उन्हें किसान कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष बना दिया है। बता दें धर्मेन्द्र सिंह चौहान पूर्व विधायक चौहान सिंह चौहान के दामाद भी हैं।