कर चोरी पता लगाने सीहोर नपा का नया फंडा!

- घर-घर लगा रहे नेम प्लेट, वसूले जा रहे 50 रुपए

सीहोर। शहर में संपत्ति कर की चोरी रोकने के लिए अब नगर पालिका एक नया अभियान चला रही है। नपा हर घर पर एक नेम प्लेट लगा रही है, जिसमें मकान मालिक के नाम के साथ-साथ घर की आईडी भी अंकित होगी। इससे उन मकान मालिकों की पहचान आसानी से हो सकेगी, जिन्होंने बिना नपा की अनुमति के मकान बना लिए हैं और कर नहीं चुका रहे हैं। सोमवार को वार्ड 2 और 7 में इस काम की शुरुआत की गई। नेम प्लेट का काम एक एनजीओ को दिया गया है, जो नेम प्लाट लगाने के एवज में 50 रुपए वसूल कर रहा है।

नगर पालिका के रिकॉर्ड में अभी 23 हजार मकान दर्ज हैं, लेकिन नपा का मानना है कि वास्तविक संख्या 25 हजार से अधिक है। कई लोगों ने प्लॉट का रिकॉर्ड ही रखा है और मकान बनाने के बाद भी प्रॉपर्टी टैक्स नहीं चुका रहे। इस अभियान के बाद इन सभी घरों की पहचान हो सकेगी। नेम प्लेट पर मकान मालिक का नाम, वार्ड नंबर, कॉलोनी का नाम, घर का नंबर और मकान मालिक की आईडी लिखी जा रही है, जिससे लोग ऑनलाइन भी टैक्स जमा कर सकेंगे।

20 से 30 लाख का फायदा

इस अभियान से नगर पालिका को सालाना 20 से 30 लाख रुपए तक का अतिरिक्त राजस्व मिलने की उम्मीद है। वर्तमान में नपा की सालाना डिमांड करीब 3 से 3.50 करोड़ रुपए है, लेकिन पूरी राशि जमा नहीं हो पाती है। जलकर को छोडक़र, अन्य करों का करीब 15 करोड़ रुपए बकाया है। नपा अब बकायादारों को नोटिस जारी कर रही है और जमा नहीं करने वालों पर कार्रवाई की तैयारी भी कर रही है।

अभियान से स्थिति होगी स्पष्ट

आरआई विष्णु देवड़ा ने बताया कि इस अभियान से यह पता चलेगा कि कितने घरों से टैक्स वसूला जा रहा है। जिन लोगों के एक से ज्यादा मकान हैं और वे सिर्फ  एक का ही टैक्स दे रहे हैं, उनसे भी अब वसूली हो सकेगी, जिससे नपा के राजस्व में बढ़ोतरी होगी।


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने