सीहोर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के एक बयान ने सीहोर की राजनीति में उबाल ला दिया है। शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के बयान के विरोध में कांग्रेस कार्यालय के सामने ही प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिसके बाद दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प हो गई। हालात इतने बिगड़ गए कि एक भाजपा कार्यकर्ता को चोट भी आई और यह मामला पुलिस थाने तक जा पहुंचा।
विरोध प्रदर्शन के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहर के अन्य स्थानों को छोडक़र सीधे बस स्टैंड स्थित कांग्रेस कार्यालय को चुना। भाजपाई राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे और उनके पुतला भी जलाया। भाजपा के इस कदम से कांग्रेस कार्यकर्ता भडक़ उठे। वे भी अपने कार्यालय से बाहर निकल आए और पलटकर भाजपा के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और धक्का-मुक्की शुरू हो गई, जिससे तनाव का माहौल पैदा हो गया।
विधायक सहित भाजपा नेता पहुंचे थाने
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ता समीर उर्फ नानू से मारपीट का आरोप बीजेपी नेताओं द्वारा लगाया जा रहा है। भाजपा विधायक सुदेश राय, नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर सहित कई कार्यकर्ता कोतवाली थाने पहुंचे। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ता पंकज शर्मा और केके रिछारिया पर समीर के साथ मारपीट करने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है।
भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा ने बताया कि गत दिनों राहुल गांधी एवं जीतू पटवारी द्वारा भाजपा के खिलाफ अनर्गल बयानबाजी की, जिसके विरोध में आज सोमवार को बीजेपी महिला मोर्चा द्वारा शांति पूर्ण ढंग से प्रदर्शन किया जाना था। शांतिपूर्ण कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विग्र डाला, महिलाओं के प्रति अपशब्दों का प्रयोग किया, भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की, झूमाझटकी की। इसी को लेकर एफआईआर दर्ज कराई है।