सीहोर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा बिहार में दिए गए एक बयान पर बवाल मच गया है। इस बयान के विरोध में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता द्वारा शहर में विरोध प्रदर्शन किया। हैरान करने वाली बात यह रही कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन के लिए पूरे शहर को छोडक़र सीधे बस स्टैंड स्थित कांग्रेस कार्यालय को अपना निशाना बनाया। भाजपा के इस कदम से तनाव की स्थिति पैदा हो गई और दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय के ठीक सामने जमा हो गए। उन्होंने राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी की और उनका पुतला जलाया। भाजपा कार्यकर्ताओं की नारेबाजी और पुतला दहन की कोशिश से कांग्रेस कार्यकर्ता भी आक्रोशित हो गए। उन्होंने भी पलटकर भाजपा के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। देखते ही देखते दोनों पक्षों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। हालात इतने बिगड़ गए कि एक दूसरे पर धक्का मुक्की करने लगे।
पुलिस की सतर्कता से टला बड़ा विवाद
इस प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस भी तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस बल ने दोनों पक्षों के बीच हस्तक्षेप करते हुए उन्हें अलग किया। पुलिस की सक्रियता के कारण स्थिति को तुरंत नियंत्रण में लाया गया और एक बड़ा विवाद होने से बच गया। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा बुझाकर शांत किया और प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाया।
माहौल खराब करने का आरोप
इस घटना के बाद शहर में राजनीतिक तनाव बढ़ गया है। भाजपा नेताओं का कहना है कि वे इस तरह के बयानों का पुरजोर विरोध करते रहेंगे, जबकि कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर जानबूझकर माहौल खराब करने का आरोप लगाया है।