सीहोर। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के रूप में बैतूल विधायक हेमंत खण्डेवाल की ताजपोशी होने के बाद अब जिले में भारतीय जनता पार्टी की नवीन कार्यकारिणी को लेकर सुगबुगाहट शुरू हो गई है। राजनीतिक गलियारों में भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा की कार्यकारिणी का तेजी से इंतजार किया जा रहा है। चर्चा इस बात की हो रही है कि नवीन कार्यकारिणी पूर्व की भांति होगी या विस्तार होगा। सबसे खास बात यह है कि महामंत्री कौन-कौन बनेंगे।
गौरतलब है कि भाजपा जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा को 16 जनवरी को सौंपी गई थी। जिलाध्यक्षों की प्रक्रिया में पांचवीं सूची में उनका नाम आया था। जिलाध्यक्ष श्री मेवाड़ा को बने 1 दिन बाद 7 महीने हो जाएंगे। चर्चा थी कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के चयन के बाद जिला कार्यकारिणी का गठन होगा, अब प्रदेश अध्यक्ष के रूप में विधायक हेमंत खण्डेलवाल को जिम्मेदारी सौंप दी गई है तो ऐसे में जिले में नवीन कार्यकारिणी को लेकर चर्चा चल पड़ी है।
महामंत्री पद पर विशेष नजर
भाजपा जनता पार्टी में जिला महामंत्री पद महत्वपूर्ण होता है। बीजेपी के आयोजित कार्यक्रमों के दौरान मंचों पर महामंत्रियों को ही जगह मिलती है। ऐसे में बीजेपी जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा की कार्यकारिणी में महामंत्री बनने के लिए हर कोई ललायित है। रवि मालवीय की कार्यकारिणी में महामंत्री का पद सीहोर और आष्टा के खाते में रहा है। सीहोर से दो महामंत्री राजकुमार गुप्ता व रवि नागले रहे, जबकि आष्टा से धारासिंह पटेल पर महामंत्री की जिम्मेदारी रही। अब इस पद से कौन-कौन सुशोभित होगा, यह समय बताएगा।
यह थी रवि मालवीय की कार्यकारिणी
तत्कालीन बीजेपी जिलाध्यक्ष रवि मालवीय का कार्यकाल करीब 5 साल तक रहा है। विधानसभा-लोकसभा चुनाव के चलते उन्हें 2 साल का एक्सटेंशन मिला था। पूर्व जिलाध्यक्ष की कार्यकारिणी में तीन महामंत्री, 4 उपाध्यक्ष, 4 जिला मंत्री, एक कार्यालय मंत्री, एक कोषाध्यक्ष, एक सह कोषाध्यक्ष, मीडिया प्रभारी, सोशल मीडिया, आईटी सेल व जिला कार्यकारिणी सदस्य शामिल रहे।
8 उपाध्यक्ष, 8 मंत्री रहेंगे
बताया जा रहा है कि बीजेपी जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा की गठित होने वाली कार्यकारिणी में 21 सदस्यीय पदाधिकारियों की टीम रहेगी, जबकि 90 सदस्यों होंगे। इस कार्यकारिणी में 8 उपाध्यक्ष और 8 मंत्री बनाए जाने की बात सामने आ रही है। जबकि पूर्व में 4 उपाध्यक्ष व 4 मंत्री थे।
प्रक्रिया चलन में है
प्रदेश नेतृत्व से मिलने वाले निर्देशों के अनुसार जिला कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। प्रक्रिया चलन में है। जिले के सभी वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन व सामंजस्य से जल्द ही कार्यकारिणी का गठन कर दिया जाएगा।
नरेश मेवाड़ा, जिलाध्यक्ष भाजपा